देवेन्द्र कुशवाह
सोहागपुर (जनकल्याण मेल) नगर में महाशिवरात्रि का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान सभी शिवालयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कई स्थानों पर शिव बारात, शोभायात्रा निकाली गई और मेले का आयोजन किए गए। शिवरात्रि को लेकर कल रात्रि से शिवालय पूरी तरह सजधज चुके थे। सुबह से ही शिव मंदिरों में लोगों की भीड़ जुटने लगी और शिव लिंग का पूजन करने और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं को आना शुरु हो गया जो देर शाम तक चलता रहा। नगर में प्रति वर्ष दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है। जिसमें बड़ी संख्या मे श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। भक्तजन पूजा-पाठ के उपरांत मेले का आनंद भी उठाते है। नगर में विभिन्न वार्डो से भगवान शिव की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें रंग बिरंगे रुप धारण कर सभी लोग बोल बम का नारा लगाकर भगवान शिव की जय जय कार कर रहे थे।महाशिवरात्रि को लेकर चारों ओर भक्ति मय वातावरण है। प्रशासन भी चुस्त व दुरुस्त दिखे। मेले में दर्शन करने के लिए प्रशासन द्वारा अच्छी व्यवस्था की गई थी सभी लोगों को आसानी से भगवान भोलेनाथ के दर्शन मिले इस पर सभी लोगों ने प्रशासन की व्यवस्थाओं की तारीफ़ की।
विश्व कल्याण के लिए शम्भू दरबार हुआ पाठ
शंभू दरबार पलाश परिसर सोहागपुर में ब्रह्मलीन पूज्य गुरुदेव पंडित मनमोहन मुदगल जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं आध्यात्मिक गुरु पंडित प्रकाश मनमोहन मुदगल के पावन सानिध्य में रुद्र अभिषेक रुद्री निर्माण शिवलिंग निर्माण का कार्यक्रम किया गया,और इस अवसर पर श्री शंभू दरबार में भंडारे का कार्यक्रम रखा गया दूर-दूर से आए लोगों ने भंडारा एवं फलियार प्रसादी ग्रहण की।विश्व कल्याण के लिए सर्व रोग निवारणर के लिए सुख शांति समृद्धि के लिए महामृत्युंजय मृत्युंजय अभिषेक किया गया अभिषेक कार्यक्रम ब्राह्मण विध्वंजन आचार्य स्वदेश दुबे शास्त्री जी बरेली ,पंडित गौरी शंकर जी शास्त्री पिपरिया ,पंडित शैलेंद्र शास्त्री सुहागपुर आदि ब्राह्मणों के द्वारा अभिषेक संपन्न किया ।
जमनी सरोवर में हुई शिवलिंग का प्राण प्रतिष्ठा
प्राचीन जमनी सरोवर में निर्मित मंदिर में स्वयं भू शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा की गई। महर्षि जमदग्नि की तपोभूमि जमनी सरोवर में पिछले चार दिन से प्राण प्रतिष्ठा का पूजन पाठ की जा रही है आज सुबह 9:00 बजे विधि विधान से प्राण प्रतिष्ठा की गई। शिवलिंग को मंदिर के मध्य में स्थापित किया गया वह नंदी महाराज को शिवलिंग के सामने स्थापित किया गया। प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं के लिए सरोवर के बीच यह मंदिर खोल दिया गया हजारों की संख्या में श्रद्धालु शिवलिंग की पूजन के लिए पहुंचे। पिछले 8 दिन से राम कथा का आयोजन किया जा रहा है उसके समापन दिवस पर फलारी प्रसाद का वितरण किया गया। देर रात तक श्रद्धालु जमनी सरोवर में पहुंच रहे हैं
विशाल शोभा यात्रा से नगर हुआ भक्तिमय
नगर के नए बस स्टैंड से हरिओम बाबा क्लब द्वारा महाकाल की सवारी निकाली गई इस शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु आमजन शामिल हुए। शोभा यात्रा नगर के मुख्य मार्गो से होती हुई प्राचीन शिव मंदिर पहुंची, यहां पर आरती के बाद प्रसाद वितरण कर शोभायात्रा का समापन किया गया। वही रामप्रसादवार्ड में बटेश्वर मंदिर में भगवान भोले का अभिषेक कर प्रसाद वितरण किया गया।