रमजान की तैयारियां जोरों पर, पहली तरावीह 1 मार्च की रात, पहला रोजा 2 मार्च को

गुना [जनकल्याण मेल] रमजान का पवित्र महीना इस साल 2 मार्च से शुरू होगा, और खास बात यह है कि इस बार पहला रोजा पहले से तय माना जा रहा है। शहर काजी नूर उल्लाह यूसुफ जई ने बताया कि ऐसा संयोग लगभग 150 वर्षों बाद बना है, जब रमजान का चांद दिखने की तारीख पहले से स्पष्ट है। 1 मार्च की रात से तरावीह की विशेष नमाज अदा की जाएगी, जो रमजान के पूरे महीने चलेगी और ईद के चांद के साथ समाप्त होगी।

रमजान के दौरान बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में नमाज अदा करने आते हैं, जिससे उनकी साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर की प्रमुख मस्जिदों में जानमाजों की संख्या बढ़ाने, पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मस्जिदों के अलावा कई अन्य स्थानों पर भी तरावीह की नमाज पढऩे की विशेष व्यवस्था की गई है। इस बार गुना जिला मुख्यालय पर करीब 30 स्थानों पर तरावीह की नमाज आयोजित होगी। इनमें से कुछ स्थानों पर 10, 20 और 25 दिन में कुरआन की तिलावत पूरी कर ली जाएगी ताकि जो लोग समय की कमी के कारण जल्दी तरावीह पूरी करना चाहते हैं, वे इसमें शामिल हो सकें। बाकी स्थानों पर 27 और 29 दिन की तरावीह होगी।

घर-घर में सेहरी और अफ्तार की तैयारियां, बाजारों में भी बढ़ी रौनक

रमजान की शुरुआत के साथ ही मुस्लिम परिवारों में सेहरी और अफ्तार की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों में रमजान के लिए विशेष सामान की बिक्री बढ़ गई है। सूखे मेवे, खजूर, शरबत, फलों और अन्य अफ्तार से जुड़ी चीजों की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। घरों की सफाई के साथ-साथ इबादत के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

शहर में अलग-अलग समय पर होगी जुमे की नमाज

रमजान के दौरान शुक्रवार को विशेष महत्व दिया जाता है, और जुमे की नमाज के लिए विभिन्न मस्जिदों में समय निर्धारित किया गया है। इस बार सबसे पहले जुमे की नमाज मस्जिद जामिया इब्ने अब्बास बरबटपुरा में 12:55 बजे अदा की जाएगी। वहीं, सबसे अंतिम जुमे की नमाज मस्जिद शमा बेगम पवन कॉलोनी में 2:45 बजे होगी। रमजान को लेकर जिलेभर में धार्मिक उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रशासन द्वारा भी मस्जिदों के आसपास विशेष व्यवस्था की जा रही है ताकि रोजेदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।