जिला महामंत्री ने कांग्रेसी पार्षद के आरोप पर भाजपा नेता का पलटवार

जिला महामंत्री ने कहा-भव्य आयोजन से बौखलाए कांग्रेसी ...



सारनी [जनकल्याण मेल] कांग्रेसी पार्षद मोहम्मद ताहिर के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। कांग्रेस के आरोपों का जबाब देते हुए भाजपा जिला महामंत्री कमलेश सिंह ने कहा है कि बाबा मठारदेव के मेले का भव्य आयोजन एवं आनन्द उत्सव में उमड़ी भीड़ से कांग्रेस बौखला गई है। भाजपा नेता ने कहा कि आनन्द उत्सव के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमो की निविदा ऑन लाइन निकलती है। जिसमे एक कार्यक्रम कवि सम्मेलन 4 लाख का था। परिषद और पीआईसी द्वारा दर स्वीकृति के उपरांत 4 लाख का कार्यादेश जारी हुआ। कांग्रेस द्वारा भाजपा शासित परिषद की छवि खराब करने के लिये राजनीतिक दुर्भावना से 4 लाख के उक्त आयोजन को 7 लाख का बताकर व्यक्ति विशेष को लाभ पहुचाने का बेबुनियाद आरोप लगाया जा रहा है। भाजपा शासित परिषद में किसी भी कार्यक्रम के लिए कोई शर्त नही लगाई गई है। वर्ष 2021 - 2022 की एनआईटी देखने से स्थिति स्पष्ट हो जाएगी कि कांग्रेस शासित नगरपालिका के कार्यकाल के समय से ही यह प्रक्रिया सतत चल रही है। भाजपा शासित परिषद द्वारा उसमे कोई परिवर्तन नही किया गया है। आज जो पार्षद आरोप लगा रहे हैं उनकी पत्नी तब पीआईसी सदस्य थी। उस समय भी यही शर्तें थी। नगरपालिका द्वारा निकाली जाने वाली सभी निविदाओं में कोई न कोई शर्त रहती है लेकिन कांग्रेस को परेशानी सिर्फ एक ही कार्यक्रम से है। जिला महामंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा राजनीतिक दुर्भावना से की जा रही बयानबाजी से बाबा मठारदेव मेले की गरिमा को भी धूमिल हो रही है। कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए और यह भी देखना चाहिए कि कांग्रेस शासित नगरपालिका में मेले के आयोजन में कितना खर्च होता था और इस समय कितना हो रहा है। भाजपा जिला महामंत्री ने मीडिया को कांग्रेस शासित परिषद के कार्यकाल 2021-22 की एनआईटी एवं 2025 के कार्यक्रम के कार्यादेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है तथा मीडिया से सच्चाई उजागर करने की अपील की है।