महामस्तकाभिषेक के साथ होगा नूतन वर्ष का स्वागत
गुना [जनकल्याण मेल] 2021 की विदाई बेला में शुक्रवार को जैन समाज के श्रद्धालु गुना से बजरंगगढ़ स्थित श्री शांतिनाथ भगवान के दरबार में रवाना हुए। कोविड-19 गाईडलाईन का पालन करते हुए मुंह पर मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ पदयात्रा देर शाम बजरंगगढ़ पहुंची। यहां रात्रि में श्रद्धालुओं ने आरती हुई। वहीं 1 जनवरी की सुबह मंगलबेला में भगवान शांतिनाथ, कुंथुनाथ एवं अरहनाथ भगवान का महामस्तकाभिषेक होगा। इसके पूर्व शुक्रवार दोपहर श्रद्धालु गुरुदेव के नारे लगाते हुए बजरंगगढ़ रवाना हुए। उल्लेखनीय है कि मुनि पुंगव सुधासागर महाराज द्वारा शुरु कराई इस ऐतिहासिक पदयात्रा और महामस्तकाभिषेक में गुना के अलावा आरोन, रुठियाई सहित अंचलभर से जैन श्रद्धालु शामिल होते हैं। बजरंगगढ़ कमेटी अध्यक्ष इंजी. एसके जैन एवं मंत्री प्रदीप जैन ने बताया कि कोविड-19 के चलते इस बार 1 जनवरी को निकलने वाले वार्षिक विमानोत्सव नहीं निकाले जाएंगे। इस मौके पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के नवनियुक्त अध्यक्ष वीरेंद्र धाकड़ एवं पदाधिकारीगणों ने जैन समाज ने पदयात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।
बीनागंज में हुई सुधासागरजी महाराज की भव्य अगवानी
इधर करीब 8 वर्षों बाद मुनि पुंगव सुधा सागरजी महाराज का मप्र की धरती पर ससंघ मंगल प्रवेश हुआ। शुक्रवार मुनिश्री सुधासागरजी, महासागरजी, निष्कंप सागरजी, क्षुल्लक धैर्य सागरजी, गंभीर सागरजी महाराज के मंगल प्रवेश पर चांचौड़ा-बीनागंज में भव्य अगवानी हुई। यहां 1 जनवरी को नूतन वर्ष का स्वागत मुनिसंघ के सानिध्य में शुभोदय तीर्थ क्षेत्र बीनागंज में भगवान के महामस्तकाभिषेक के साथ होगा।