बहू ने लगाया ससुर पर दुष्कर्म का आरोप

सास - ससुर ने कहा कि जायदाद का है विवाद 

गुना [जनकल्याण मेल] जिले के म्याना थानांतर्गत ग्राम मगराना में बहू के साथ एक ससुर पर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। महिला के साथ उसका पति एवं पिता बुधवार को म्याना थाने ससुर की शिकायत करने पहुंचे। वहीं इस मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। जिसके तहत पूरा विवाद जायदाद को लेकर बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस को दिए आवेदन में महिला ने बताया कि उसके ससुर ने अकेले में कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। जब विरोध किया तो उसे पति के साथ घर से निकाल दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के बांरा जिले की रहने वाली महिला की शादी 2 साल पहले मगराना गांव में हुई थी। पति पढ़ाई करता है और खेती का काम भी देखता है। पति, पिता के साथ थाने पहुंची महिला ने आरोप लगाया कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुर दहेज को लेकर परेशान करने लगा। बच्चे नहीं हुए तो उसे जबरदस्ती कुछ गोलियां खिला दीं, जिससे वह बीमार पड़ गई। एक दिन उसका ससुर शराब पीकर घर आया। जब वह खाना देने गई तो उसने कमरे का दरवाजा बंद कर बंदूक का डर दिखाकर दुष्कर्म किया। इसके बाद से ससुर ने उसके साथ घर में अकेला पाकर कई बार दुष्कर्म किया। एक दिन हिम्मत कर उसने पति को यह बात बता दी। इसके बाद ससुर ने हमें घर से निकाल दिया। इधर घटना को लेकर दूसरा पक्ष भी सामने आया है। आरोपी ससुर और सास ने जमीन जायदाद के लिए बहू-बेटे द्वारा झूठा आरोप लगाने की बात कही। बहरहाल पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में म्याना थाना प्रभारी आमोद सिंह राठौर का कहना है कि आवेदन आया है, उसकी जांच कराई जा रही है। जांच में जो सामने आएगा, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।