मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कमिश्नर-कलेक्टर कान्फ्रेंस
अशोकनगर:(जनकल्याण मेल)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि अवैध उत्खन्न परिवहन, मिलावट खोरों के विरूद्ध कार्यवाही पुख्ता होनी चाहिए। साथ ही अपराधियों पर सख्त कार्यवाही की जावे। इस दिशा में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक समन्वय स्थापित कर कार्यवाहियों को अंजाम दें।जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। सोमवार को श्री चौहान वीसी के माध्यम से कमिश्नर, कलेक्टर्स कॉफेंस में दिशा निर्देश दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिदंगी से खिलवाड़ करने वाले मिलावट खोरों पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए। साथ ही जिलाबदर, एनएसए के प्रकरणों में कोर्डिनेशन के साथ कार्य किया जावे। उन्होने कहा कि अपराधियों पर उल्लेखनीय कार्यवाही होनी चाहिए। साथ ही ऐसे व्यक्ति जो नशा करते है, उन क्षेत्रों में नशा के विरूद्ध जागरूकता अभियान चलाया जावे। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी कमिश्नर, कलेक्टरों एवं पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए है कि, वे रेत और अन्य खनिजों के माफियाओं पर सख्त कार्यवाही करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे रेत माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही और ठोस परिणाम चाहिए। मुख्यमंत्री ने निर्देशित करते हुए कहा है कि ड्रग माफिया युवा पीढियों को बर्बाद कर रहे है। प्रदेश में ड्रग माफियाओं को नेस्तनाबूद करें। उन्होंने निर्देश दिए है कि मध्य प्रदेश में ड्रग माफियाओं के विरूद्ध परिणाम मूलक कार्यवाही होना चाहिए।मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति प्रदेश के सूदखोरों और चिटफंड कम्पनियों के विरूद्व सख्त कार्यवाही करें। सायबर अपराधों को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करें। नागरिकों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शासकीय योजनाओं का लाभ दूर-दराज के ग्रामीण लोगों तक पहुंचाने के लिए एक्शन प्लान तैयार करें तथा नक्सल प्रभावित जिलों के दूर-दराज में रहने वाले लोगों तक शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ संवेदनशीलता के साथ पहुंचाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशील अधिकारियों की नियुक्ति होना चाहिए जो दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को योजना का लाभ संवेदनशीलता के साथ पहुंचाए। मुख्यमंत्री ने वीडियों कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में अपराधों को रोकने के लिए प्रभावी और परिणाममूलक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधों में कमी आए इसके लिए सतत कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ कार्यवाही होना चाहिए तथा उन्हें सजा मिलनी चाहिए, लोगों को न्याय मिलना चाहिए इसके पुख्ता इंतजाम कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक करें। उन्होंने कहा कि, प्रदेश में महिला अपराधों में कमी आना चाहिए। महिला अपराधों में कमी के लिए प्रदेश में जागरूकता अभियान चलाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश में कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध होना शर्मनाक है,कमजोर लोगों पर अत्याचार करने वालों के विरूद्व मध्यप्रदेश में सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाने की आवश्यकता है। उन्होने कहा कि अच्छे काम करने वाले अधिकारी, कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया जावे। मुख्यमंत्री ने वीसी के माध्यम से जिलों में अच्छा काम करने वाले अधिकारी,कर्मचारियों को पुरूस्कृत किया।वीडियों कान्फ्रेंस में कलेक्टर आर. उमामहेश्वरी, पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया,वनमण्डाधिकारी अंकित पाण्डे,सहायक कलेक्टर डॉ.नेहा जैन,सीईओ जिला पंचायत बी.एस.जाटव सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।