बाबा कल्याणदास जी से की सौजन्य भेंट
अनूपपुर [जनकल्याण मेल] भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेत्री, म प्र की पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुश्री उमा भारती शनिवार की शाम अचानक मां नर्मदा की उद्गम नगरी अमरकंटक पहुंचीं। सुश्री भारती की इस यात्रा की भनक जिला प्रशासन तथा भाजपा संगठन को भी नहीं हुई। वे कटनी से सडक मार्ग से चंदिया, उमरिया, शहडोल होकर अमरकंटक पहुंचीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर में शारदा माता के दर्शन , पूजन उपरान्त अमरकंटक पहुंच कर नर्मदा मैया उद्गम मन्दिर में दर्शन कर पूजा - अर्चना करेंगी।
शनिवार को अमरकंटक में सुश्री भारती ने प्रसिद्ध समाजसेवी संत बाबा कल्याणदास जी के दर्शन कर उनसे देश - समाज तथा अध्यात्म पर लंबी चर्चा की।
भाजपा नेता एवं नमो एप संभागीय संयोजक मनोज द्विवेदी ने सुश्री भारती के अमरकंटक आगमन की पुष्टि करते हुए बतलाया कि बाबा कल्याण दास जी के दर्शन पश्चात वे रात्रि विश्राम अमरकंटक में करेंगी । कल सुबह नर्मदा माता जी की पूजन उपरांत जबलपुर की ओर प्रस्थान करेंगीं। अमरकंटक पहुंचने पर सुश्री उमा भारती का स्वागत अवसर पर हिमाद्री मुनि जी महाराज ,धर्मानंद जी महाराज, हरस्वरूप जी महाराज, राहुल पाण्डेय जिला उपाध्यक्ष भाजपा अनुपपुर ,रोशन पनारिया मंडल अध्यक्ष अमरकंटक , मुन्नू पाण्डेय वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।