अशोकनगर:(जनकल्याण मेल)। लॉकडाउन के बीच हुई हृदय विदारक दुर्घटना में दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई। जबकि एक बच्ची की मां समेत एक वृद्धा घायल हो गई। घायल महिलाओं को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मर्ग कायम कर हादसे की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बुधवार की सुबह 9:30 बजे के करीब उस समय हुआ जब आरोन रोड़ निवासी कल्पना (12) अपनी मां पिस्ताबाई (36)पत्नी अशोक साहू एवं राधिका (10) पुत्री मोहन साहू और प्रेमबाई (60)पत्नी नन्दलाल साहू, शहर के मलखेरी के पठार पर मिट्टी की खदान से मिट्टी लेने गईं हुईं थीं।
अचानक मिट्टी की खदान धंसक जाने से दोनों बच्चियां कल्पना और राधिका खदान की मिट्टी में दब गईं और उनकी मौत हो गई। वहीं, मिट्टी में दबने से कल्पना की मां पिस्ताबाई और प्रेम बाई घायल हो गईं। देहात टीआई उपेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि घटना की जानकारी लगने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मृतक बच्चियों के साथ घायल महिलाओं को अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। बताया गया कि पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामला जांच में लिया है।