चंदेरी : विरासत संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध संस्था भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटैक) चंदेरी अध्याय का चंदेरी के विरासत संरक्षण, जागरूकता और पर्यटन संवर्धन में योगदान सदैव सराहनीय रहा है। चंदेरी के विरासत एवं पर्यटन स्थलों के संदर्भ में एक सार गर्भित संकलित प्रकाशन की महती आवश्यकता को भी इंटैक चंदेरी अध्याय द्वारा पूरा किया गया। " कला और विरासतों का नगर चंदेरी" शीर्षक अंतर्गत अधिकांश विरासत और पर्यटन स्थलों का सचित्र विवरण व ऐतिहासिक पृष्ठभूमि सहित संक्षिप्त और रोचक प्रकाशन किया गया। प्रपत्र ( ब्रोशर) का विमोचन ऐतिहासिक नगर झांसी में भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटैक) के चेयरमैन मेजर जनरल (से. नि.) एल. के. गुप्ता, कैप्टन (से. नि.) अरविंद शुक्ला निदेशक अध्याय प्रभाग, डा. हरगोविंद कुशवाहा (राज्यमंत्री उ. प्र. शासन), वरिष्ठ समाज सेवी शालिग राम राय, राजीव शर्मा संयोजक झांसी, नील कमल माहेश्वरी संयोजक ग्वालियर, संतोष शर्मा संयोजक ललितपुर, नीरज जैन वर्धमान संयोजक चंदेरी, डॉ अविनाश जैन सर्राफ, अमीनुद्दीन अंसारी आदि द्वारा किया गया। कार्यक्रम सभा को संबोधित करते हुए जनरल गुप्ता ने मूर्त, अमूर्त, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत संरक्षण के लिए प्रेरित किया और चंदेरी अध्याय के प्रयासों की सराहना की।