समस्याओं के समाधान के लिए निकले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह


    
भोपाल,  पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष श्री गोविंद गोयल ने भोपाल के वार्ड क्रमांक 73 में गली-गली घूम कर लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली, भोपाल नगर निगम के कमिश्नर विजय दत्ता भी मौका-मुआयना करने उनके साथ थे। श्री सिंह एवं श्री गोयल ने शिवनगर, छोला रोड के सामने रेल्वे गोदाम के सामने स्थित बड़े नाले का निरीक्षण किया।  
श्री गोयल द्वारा विगत एक माह पूर्व भी वार्ड 73 के अंतर्गत शिवनगर, छोला रोड, दशहरा मैदान आदि का गली-गली में भ्रमण किया गया था, उन्होंने आज पुनः क्षेत्र के रहवासियों द्वारा पूर्व में बतायी गई समस्याओं के निराकरण का अवलोकन किया। क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा, बडे़ नाले जो खुला पड़ा है, रहवासी ऊपर से सेटिंग करके रह रहे हैं, जिसमें काफी मात्रा में कचरा भरा हुआ है, बरसात में बाढ़ जैसी स्थिति हो जाती है, चोरी की गाड़ियां तक नाले में डाल दी जाती है, नाला के निर्माण, रोड लाईट लगाया जाना, गुमटियों एवं वाहनों के अतिक्रमण को हटाकर रोड का निर्माण, राशन कार्ड बनाए जाने, गंदगी के कई जगह ढेर लगे होने जैसी कई विभिन्न समस्याएं पूर्व में बतायी गई थी।
श्री दिग्विजयसिंह, श्री गोविंद गोयल एवं श्री दत्ता ने वार्ड भ्रमण के दौरान गली-गली में जाकर आमजनों से मिलकर पुनः समस्याएं जानी तथा कई समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये और कई समस्याऐं मौके पर हल करायीं।  
श्री सिंह एवं श्री गोयल के आगमन पर वार्ड वासियों ने उनका जगह-जगह अभिनंदन किया और उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं श्री सिंह एवं श्री गोयल ने स्थानीय नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे समय-समय उनकी समस्याओं केे निराकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं।  
श्री गोयल ने इस जन समस्या निवारण यात्रा के दौरान प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी द्वारा एक वर्ष में किये गये एवं उपलब्धियों की नागरिकों को जानकारी दी। जन समस्या निवारण यात्रा के दौरान काग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।