सुप्रीम कोर्ट का फैसला देश में नया सबेरा   : राकेश सिंह


प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शांति, सद्भाव, बनाए रखने के लिए राज्य की जनता का आभार  


भोपाल। अयोध्या मामले में माननीय सर्वोच्च न्यायालय का फैसला एक कालजयी निर्णय है। यह निर्णय देश में एक नया सवेरा लेकर आया है। भले ही लंबे समय तक चले इस विवाद का साया हमारी कई पीढ़ियों पर पड़ा हो, लेकिन इस फैसले के बाद हमें यह संकल्प लेना होगा कि हमारी नई पीढ़ी, पुरानी बातों को पीछे छोड़कर नए सिरे से नए भारत के निर्माण में जुट जाएगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने राम जन्मभूमि विवाद पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिए गए निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही।


प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि सारी दुनिया भारत को सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में जानती है, लेकिन जिस तरह से इस फैसले का देश के हर व्यक्ति, हर वर्ग, हर धर्म और हर संप्रदाय के लोगों ने स्वागत किया है, उससे दुनिया यह जान गई है कि हमारा लोकतंत्र कितना जीवंत और मजबूत है। उन्होंने कहा कि दशकों से न्यायालय में लंबित राम जन्मभूमि मामले पर माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने जो निर्णय दिया है, उसने संपूर्ण देश में संविधान के प्रति हमारी आस्था को और मजबूत किया है और यह साबित कर दिया है कि कितना भी जटिल विवाद हो, उसका समाधान संविधान और कानून के दायरे में ही हो सकता है।


न्यायालय ने दिखाई दृढ़ इच्छाशक्ति


प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि आज का यह फैसला देश के न्यायायिक इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे देश की भावनाओं के अनुरूप माननीय सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की रोजाना सुनवाई की। बड़े धैर्य से सभी पक्षों की बात सुनी और सर्वसम्मति से अपना फैसला सुनाया। इस मामले की सुनवाई,  फैसले और समूची प्रक्रिया के दौरान माननीय न्यायालय ने जो दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाई है, उसके लिए माननीय सुप्रीम कोर्ट, सभी न्यायाधीश और हमारी न्याय प्रणाली अभिनंदन की हकदार है।


मिलकर आगे बढ़ने का संदेश दे रहा आज का दिन


प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी अपनी समृद्ध संस्कृति है और हम हजारों वर्ष से एक साथ सद्भाव और भाईचारे के साथ रह रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय किसी की जीत या किसी की हार नहीं हैं,  बल्कि यह भारत की समृद्ध विरासत को बनाए रखने का निर्णय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने भी कहा है कि यह समय भारत भक्ति की भावना को मजबूत करने का है। इसलिए हम इस निर्णय को स्वीकार करते हुए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक और हर पार्टी कार्यकर्ता से आग्रह करते हैं कि वे देश और प्रदेश की समृद्धि के लिए भाईचारे और सद्भाव की विरासत को मिलजुलकर आगे बढ़ाएं। श्री सिंह ने अदालत के इस निर्णय को शांति और सद्भाव के साथ स्वीकार करने के लिए प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।