एकता परिषद के संस्थापक गांधीवादी नेता राजगोपाल पी. वी.
के नेतृत्व में म.प्र. में 90 दिवस पदयात्रा
भोपाल - प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (मुख्यमंत्री) ने कहा है कि महात्मा गांधी के विचारों, आदर्शो एवं नीतियों के पालन से ही हमारा राष्ट्र एक सूत्र में बंधकर विकास कर सकता है। महात्मा गांधीजी के सर्वधर्म-समभाव, सद्भावना, एकता, अहिंसा एवं स्वराज की उनकी अवधारणा आज के संदर्भ में अधिक उपयोगी है। कमलनाथ ने यह विचार एकता परिषद के संस्थापक गांधीवादी नेता राजगोपाल पी.वी. के नेतृत्व में प्रदेश में गांधीवादी संस्थाओं के पदाधिकारियों द्वारा निकाली जा रही पद यात्रा के संदर्भ में कही।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने बताया कि यह 365 दिन की भारत सहित 10 देशों की पद यात्रा आगामी 2 अक्टूबर से राजघाट से प्रारंभ हो चुकी है। भारत में वे राजघाट से सेवाग्राम जिला वर्धा तक की पदयात्रा कर रहे है। भारत में कुल 121 दिन की पदयात्रा में वे 90 दिनों तक म.प्र. में पदयात्रा करेंगे। म.प्र. में वे जौरा जिला मुरैना से 11 अक्टूबर को पद यात्रा शुरू हो चुकी है तथा 11 जनवरी 2020 को बालाघाट जिले के रजेगांव से महाराष्ट्र में प्रवेश करेंगे। म.प्र. में पदयात्रा के मार्ग में श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, अशोकनगर, गुना,विदिशा, सीहोर, रायसेन, भोपाल, हरदा, होशंगाबाद, नरसिंहपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी व बालाघाट जिले शामिल है।
कमलनाथ के निर्देशानुसार प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन प्रभारी चन्द्रप्रभाष शेखर ने उपरोक्त जिलों के जिला कांग्रेस अध्यक्षों को एकता परिषद की इस यात्रा में उस जिले के अधिक से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शामिल करने का अनुरोध किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ जी के निर्देशानुसार उपरोक्त जिले के जिला प्रभारी मंत्रियों से कहा है कि इस पद यात्रा की व्यवस्था में उचित सहयोग दें।
पद यात्रा को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह ठाकुर को प्रभारी समन्वयक मनोनीत किया गया है।