भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 12 से बढ़ाकर 17 प्रतिशत किए जाने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दीपावली का उपहार बताया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वह भी अपने कर्मचारियों को दीपावली के पहले केंद्र के समान महंगाई भत्ता दे। राकेश सिंह गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा कर रहे थे।
कांग्रेस को हुआ भाजपा फोबिया
राकेश सिंह ने जर्जर हो रही सड़कों के लिए कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताए जाने पर कहा कि कांग्रेस को भाजपा फोबिया है, जिससे वह कभी भी मुक्त होने वाली नहीं है। कांग्रेस यह भूल गई है कि वह सत्ता में है और सरकार में रहते हुए उसे जो काम करना चाहिए, वह नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि हर बार बारिश के बाद जब सड़कें खराब होती हैं, तो उनकी मरम्मत का काम प्रदेश सरकार का होता है, लेकिन इस सरकार को जनता के सुख-दुख और परेशानियों से कोई लेना देना नहीं है। भले ही सड़कें खराब हों, बिजली व्यवस्था चौपट हो या कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो रही हो, कमलनाथ सरकार चैन की नींद सो रही है।
भाजपा पूरी तैयारी से लड़ रही उपचुनाव
राकेश सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत और तैयारियों के साथ झाबुआ उपचुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की हर मोर्चे पर नाकामियों से जनता में रोष है। इसलिए झाबुआ की जनता कांग्रेस को उपचुनाव में करारी हार देगी। श्री सिंह ने कहा कि झाबुआ में भारतीय जनता पार्टी की विजय दीवार पर लिखी इबारत की तरह स्पष्ट है