कांग्रेस को खजाना खाली मिला है -: कावरे


विधानसभा उपाध्यक्ष का विदिशा दौरा      सुरेश बाबू पाठक 


विदिशा। शनिवार को मप्र विधानसभा की उपाध्यक्ष हिना लिखीराम कावरे विदिशा पहुंची। जहां विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने के बाद गंजबासौदा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुईं। वहीं विदिशा में सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने 15 साल के भाजपा शासनकाल के दौरान प्रदेश के खजाने को खाली करने का आरोप लगाते हुए पेट्रोल पर लगाए गए वेट के बढ़े हुए दामों को सही ठहराया। 
मप्र विधानसभा की उपाध्यक्ष हिना लिखीराम कावरे गंजबासौदा में आयोजित अखिल भारतीय महात्मा फुले समता परिषद के तत्वाधान में जनप्रतिनिधियों और छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह में शामिल हुईं। उसके पहले वे सड़क मार्ग से भोपाल से विदिशा पहुंची। सर्किट हाउस में कांगे्रस कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से उन्होंने मुलाकात की। इसके बाद सड़क मार्ग से बासौदा जाने वाले मार्ग पर पबई, परसोरा, पचमा, राजेन्द्र नगर चौराहा, सिरोंज चौराहा होते हुए गुजरी। इन क्षेंत्रों में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों को  भी उन्होंने देखा। 
किया अपनी सरकार का बचाव 
विदिशा के सर्किट हाउस में पत्रकारों से हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि 15 सालों से प्रदेश में भाजपा की सरकार थी जो खजाना खाली कर चुके थे। ऐसे में हमारे अनुभवी मुख्यमंत्री कमलनाथ सरकार को बखूबी चला रहे हैं। बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा, कर्जमाफी सहित अन्य सभी बिंदु भी जल्द ही सरकार पूरा करेगी। पेट्रोल-डीजल पर बढ़ाए गए वेट टैक्स के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार को चलाने और योजनाओं का सही क्रियान्वयन करने के लिए यह व्यवस्था लानी पड़ी है। उन्होंने बढ़ाए गए दामों को मुख्यमंत्री का सही कदम ठहराया। 
पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, किसानों के बीच पहुंचने, लेकिन प्रदेश सरकार के प्रतिनिधियों और मंत्रियों का बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच न जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमाने अपनी तरफ से सर्वे कर लिया है। विदिशा में विधायक सर्वे कर चुके हैं। रही बात पूर्व मुख्यमंत्री की तो वे जमीन पर पहुंच तो जाते हैं, लेकिन उनके द्वारा वास्तविक हितग्राही को मुआवजा आज तक नहीं मिल पाया है।